पूर्णिया जिले की मरंगा थाना पुलिस ने पीरगंज वार्ड नंबर 10 में हुई महिला नासरीन खातून की हत्या का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, अनैतिक संबंध, बार-बार पैसों की मांग और केस में फंसाने की धमकी से तंग आकर प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला के सिर पर व्हील रिंच से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पालीगंज वार्ड नंबर 10 निवासी समीम अख्तर (25 वर्ष) और जहांगीर आलम (38 वर्ष) के रूप में की गई है।
खेत में मिला महिला का शव
मामले को लेकर प्रेस वार्ता करते हुए सदर एसडीपीओ-01 अभिनव पराशर ने बताया कि गत 14 अगस्त की सुबह मरंगा थाना पुलिस को सूचना मिली कि पीरगंज वार्ड नंबर 10 स्थित चन्नी (पटुआ) के खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इस संबंध में मरंगा थाना में कांड संख्या 309/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से प्रेमी तक पहुंची पुलिस
एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-01 अभिनव पराशर के नेतृत्व में विशेष तकनीकी और अनुसंधान टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 अगस्त को गांव के ही प्रेमी समीम अख्तर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर समीम ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पैसों की मांग और केस में फंसाने की धमकी से था परेशान
समीम ने पुलिस को बताया कि उसके और नासरीन खातून के बीच अनैतिक संबंध थे। नासरीन उससे लगातार पैसों की मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर वह गांव वालों को संबंधों के बारे में बताने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। पुलिस के अनुसार, ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर समीम ने अपने साथी जहांगीर आलम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
बांसवाड़ी में बुलाया, फिर पटुआ के खेत में ले जाकर हत्या
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की रात दोनों ने नासरीन को घर के पास बांसवाड़ी में बुलाया। इसके बाद उसे पटुआ के खेत में ले गए। वहां लोहे के व्हील रिंच से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
व्हील रिंच, मोबाइल और खून से सना शर्ट बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी समीम अख्तर की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का व्हील रिंच, मृतका का टूटा हुआ टचस्क्रीन मोबाइल, सोने की कान की बाली और घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद की है। इसके बाद सह-अभियुक्त जहांगीर आलम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:
मेरठ की मस्जिद से 'आतंकी' गिरफ्तार: जैश के चीफ मसूद अजहर को मानता है गुरु, जिहाद के लिए इसे बनाया था हथियार
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे में खुलासा
इस सफल छापेमारी दल में सदर एसडीपीओ-01 अभिनव पराशर, मरंगा थानाध्यक्ष पु.नि. कौशल कुमार, पु.अ.नि. शैलेश कुमार सिंह, कुमार पंकज, सुमन कुमारी, रिजवान उल्लाह और मरंगा थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।