पूर्णिया में अवैध संबंधों के जाल और चंद रुपयों की खातिर एक 36 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घर के अंदर का नजारा देख ग्रामीणों के भी होश उड़ गए, जहां वारदात को छिपाने के लिए मृतक के शव को कंबल में लपेटकर कमरे के एक कोने में छिपाया गया था। घटना के बाद से घर और आसपास के इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि मृतक की अपनी ही बड़ी मां और उनके बेटे पर लगा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना अमौर थाना क्षेत्र धुरपैली पंचायत वार्ड चार की है। मृतक की पहचान धुरपैली हाट वार्ड नंबर 4 निवासी भालचंद विश्वास (36) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रैक्टर चालक और किसान था।
मृतक की पत्नी गुंजा देवी ने जो खुलासा किया, जिसने सबको चौंका दिया। गुंजा के अनुसार, भालचंद का उसकी बड़ी मां रोमा देवी के साथ 2020 से अवैध संबंध चल रहा था। इसी अनैतिक रिश्ते ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। हाल ही में भालचंद ने जमीन बेची थी। रविवार सुबह जब पत्नी ने घर के काम के लिए 50,000 रुपये मांगे, तो भालचंद ने पैसे बड़ी मां को देने की बात स्वीकार की।
गुंजा ने आगे बताया कि जब वह वही पैसे वापस मांगने बड़ी मां के घर गया, तो विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। काफी देर तक जब भालचंद नहीं लौटा, तो पत्नी गुंजा उसे ढूंढते हुए बड़ी मां के घर पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने पहले तो उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन जब गुंजा ने जबरन अंदर जाकर देखा तो पति का शव कंबल में लिपटा मिला। विरोध करने पर गुंजा के साथ भी मारपीट की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि बड़ी मां रोमा देवी और उसके पुत्र अमित कुमार ने मिलकर भालचंद को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई।
पढ़ें- चंदन हत्याकांड में नया मोड़: बहन से प्रेम प्रसंग के शक में दीपक ने की थी हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
भालचंद की मौत के बाद उसकी पत्नी और तीन छोटे बेटों (6, 4 और 2 वर्ष) का भविष्य अंधकार में डूब गया है। पत्नी ने रोते हुए बताया कि बड़ी मां के बहकावे में आकर पति उसे देखना तक पसंद नहीं करते थे और यहां तक कि उसके कपड़े तक जला दिए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जितेंद्र पांडे और थानाध्यक्ष अवधेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया राजकीय अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों से अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी।