किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर रेड लाइट एरिया में बाहर से बहला-फुसलाकर लाई जा रही युवतियों से जबरन देह व्यापार कराने का धंधा फल-फूल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगंज थाना पुलिस ने यहां छापेमारी की।
छापेमारी में मची अफरा-तफरी, 8 गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान रेड लाइट एरिया में अफरा-तफरी मच गई और धंधे में संलिप्त लोग इधर-उधर भागने लगे। भागने के क्रम में पुलिस ने 5 पुरुष और 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई टीम, ठिकानों से बरामद हुआ आपत्तिजनक सामान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को प्रेमनगर रेड लाइट एरिया में अवैध धंधे की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी दल का गठन कर वहां धावा बोला गया। छापेमारी के दौरान देह व्यापार के विभिन्न ठिकानों से आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया और पुलिस को देखकर भाग रहे कुल 8 लोगों को धर-दबोचा गया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में पौआखाली थाना क्षेत्र के भाटाबाड़ी रसिया निवासी उमेश कुमार (19) और राम कुमार (18), नटुआपाड़ा बहादुरगंज निवासी गफ्फार आलम (56), पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी अकाली शेख (35), तथा आमबाड़ी बहादुरगंज निवासी सरकूल आलम (25) शामिल हैं। इनके अलावा संचालिका मनु आरा (40) और दो अन्य महिलाओं के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।