पूर्णिया जिले में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत और बुकिंग को लेकर फैल रही खबरों पर जिला प्रशासन ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए इन्हें अफवाह बताया है। समाहरणालय स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
स्टॉक और बुकिंग का आंकड़ा
प्रेस वार्ता में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 3 से 4 हजार सिलिंडरों की बुकिंग हो रही है। इसके मुकाबले वर्तमान में 33 हजार से अधिक सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। कंपनियों के स्तर पर भी पर्याप्त भंडारण है, जिसमें IOCL के पास 10,500 सिलिंडर, BPCL के पास 12,000 सिलिंडर और HPCL के पास 11,000 सिलिंडर मौजूद हैं। इस आधार पर प्रशासन ने उपभोक्ताओं से घबराने की आवश्यकता नहीं होने की बात कही है।
ई-केवाईसी प्रक्रिया से बढ़ी भीड़
रविशंकर उरांव ने बताया कि गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने का मुख्य कारण ई-केवाईसी की अनिवार्य प्रक्रिया है। जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या जिनका डेटा अपडेट नहीं है, उनके कनेक्शन पारदर्शी व्यवस्था के तहत अस्थायी रूप से निष्क्रिय कर दिए गए हैं। अब बिना नंबर सिस्टम के गैस वितरण बंद कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को e-KYC कराना अनिवार्य हो गया है और एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं।
पढ़ें- LPG Crisis: बिहार पुलिस ने गड़बड़ी करने वाले 21 जमाखोरों को पकड़ा, किस जिले से सबसे ज्यादा सिलिंडर जब्त?
मॉनिटरिंग और शिकायत निवारण व्यवस्था
जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर जिले की सभी 71 गैस एजेंसियों की एमओ और बीडीओ की टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कालाबाजारी रोकने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। पिछले दो दिनों में कंट्रोल रूम को 27 कॉल प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से बुकिंग के बाद डिलीवरी में देरी की शिकायतें थीं, जिनका त्वरित समाधान किया जा रहा है।
आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने के प्रयास
गैस आपूर्ति को और सुचारू बनाने के लिए मरंगा और धमदाहा (मीरगंज) स्थित गैस रिफिलिंग प्लांट्स को सप्ताह के सातों दिन चालू रखने का निर्देश दिया गया है। कमर्शियल गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने स्कूल, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सूची एजेंसियों को सौंप दी है, ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराया जा सके। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बारी के अनुसार e-KYC प्रक्रिया पूरी करें।