फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: 12 दिन से लापता ट्रैक्टर चालक की हत्या; खेत में दफन मिला शव, घास काटते वक्त हाथ दिखने से हड़कंप

Sat, 08 Feb 2025 03:30 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

Kishanganj News: पुलिस ने बताया कि शव की पहचान टिंकू कुमार के रूप में हो चुकी है। यह एक रहस्यमयी मामला है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
मृतक टिंकू कुमार - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड के बीबीगंज थाना क्षेत्र के पिपला गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खेत में मिट्टी के नीचे दबा एक शव बरामद हुआ। शव का एक हाथ मिट्टी से बाहर निकला देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद परिजनों ने शव की पहचान 12 दिन से लापता ट्रैक्टर चालक टिंकू कुमार के रूप में की। मृतक किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के चारघरिया गांव निवासी टिंकू कुमार थे, जो 25 जनवरी 2025 की शाम से लापता थे।

विज्ञापन

 
खेत में दबा था शव, घास काटते समय दिखा हाथ
जानकारी के मुताबिक, घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के कुछ लोग खेत में घास काट रहे थे। तभी एक हाथ मिट्टी से बाहर दिखा। पहले तो लोगों को शक हुआ, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा, तो समझ गए कि मिट्टी के नीचे कोई शव दफन है। ग्रामीणों ने तुरंत बीबीगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को मिट्टी से बाहर निकलवाया। शव के बाहर आते ही वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
 
परिजनों ने की शव की पहचान
शव की खबर मिलते ही लापता ट्रैक्टर चालक टिंकू कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे। टिंकू कुमार के बेटे मनोहर (13) और पत्नी ने शव की पहचान कर पुष्टि की कि यह उनके पिता और पति का ही शव है। परिजनों ने बताया कि 25 जनवरी की शाम उनके पिता टिंकू ट्रैक्टर लेकर मिट्टी ढुलाई के काम के लिए निकले थे। वह चरघड़िया गांव से मिर्धनडांगी गांव गए थे, लेकिन फिर घर वापस नहीं लौटे। वहीं, मामले को लेकर ट्रैक्टर मालिक अजेंद्र कुमार ने बहादुरगंज थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 42/25 दर्ज है और पुलिस लापता चालक की तलाश कर रही थी।
विज्ञापन



 
पुलिस ने शुरू की जांच
बीबीगंज थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि शव की पहचान टिंकू कुमार के रूप में हो चुकी है। यह एक रहस्यमयी मामला है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर चालक की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और उसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।
 
हत्या या कोई और साजिश?
अब तक की जांच में यह साफ हो गया है कि टिंकू कुमार की हत्या कर शव को खेत में दफना दिया गया था। लेकिन कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं कि किस वजह से टिंकू कुमार की हत्या की गई? क्या यह किसी आपसी रंजिश का मामला है या फिर लूटपाट की वारदात? ट्रैक्टर का अब तक कोई सुराग क्यों नहीं मिला? और क्या हत्या में किसी जान-पहचान वाले का हाथ है? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मिल पाएंगे।
विज्ञापन

 
घटना से गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द मामले की जांच पूरी कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस पहले ही तेजी दिखाती, तो शायद टिंकू कुमार की जान बच सकती थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें