इलाज कराने अस्पताल पहुंचे घायल दंपती
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज शहर के बस स्टैंड के पास महाला बस्ती में एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक दंपती पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। सोमवार की देर शाम हुए इस हमले में अंकित सिंह और उनकी पत्नी मनीषा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को किशनगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पड़ोसन ने बेटों संग मिलकर किया हमला
घटना को लेकर बताया गया कि जब मनीषा देवी बाजार से सब्जी खरीद कर लौट रही थीं। तभी पड़ोस में रहने वाली आरती देवी और उनके बेटों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। मनीषा देवी ने बताया कि आरती देवी ने धारदार ब्लेड से उनके गले पर हमला करने की कोशिश की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं। शोर सुनकर जब पति अंकित सिंह मौके पर पहुंचे। फिर उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime:बाजार गई युवती लापता, परिजनों ने अपहरण और अनहोनी की आशंका जताई; पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
होली के दिन के विवाद ने लिया हिंसक मोड़
घायल दंपति ने बताया कि यह हमला एक पुराने पारिवारिक विवाद का नतीजा है। उन्होंने बताया कि होली उत्सव के दिन पड़ोसी आरती देवी और उनके परिजनों के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से ही हमलावर लगातार उन्हें नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे। सोमवार को उन्होंने मौका देखकर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना के बाद आसपास के लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप कर किसी तरह दंपती को हमलावरों से बचाया और अस्पताल पहुंचाया। वहीं, इस घटना की सूचना किशनगंज टाउन थाना को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Crime:खेत से युवक का शव मिलने से सनसनी, दो युवक घर से बुलाकर ले गए थे; एसपी मौके पर पहुंच जांच में जुटे
घटना से इलाके में दहशत
इस घटना के बाद महाला बस्ती के स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। खुलेआम हुए इस हमले ने एक बार फिर से शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करे ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल दंपती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है लेकिन इलाज जारी है। पुलिस भी मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार छानबीन कर रही है।