किशनगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने फर्जी कंपनी बनाकर लोन देने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना राजू कुमार (33 वर्ष) को एसटीएफ के सहयोग से वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके पास से ठगी के 50 हजार रुपये, एक लैपटॉप और मोबाइल भी बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि यह मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र का है। बीते 8 मई 2026 को भीमवालीस चौक की रहने वाली लक्ष्मी देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अप्रैल को एक कंपनी के एजेंट गांव में आए थे। उन्होंने बताया था कि चार-चार महिलाओं का समूह बनाकर लोन कार्ड बनवाने पर 60 हजार रुपये का लोन मिलेगा।
पीड़ित महिलाओं को कार्यालय बुलाकर लोन कार्ड का फॉर्म भरवाया गया और घरेलू सामान, जैसे प्रेस, हॉटपॉट और सिलाई मशीन खरीदने के नाम पर 4 हजार से 7 हजार रुपये तक वसूले गए। 4 मई को ठाकुरगंज के जीलेबिया मोड़ स्थित कार्यालय में करीब 200 महिलाओं से पैसे जमा कराए गए। उन्हें बताया गया कि 8 मई की सुबह 8 बजे तक सामान उनके घर पहुंच जाएगा और इसके बाद लोन दिया जाएगा। लेकिन तय तारीख पर न तो सामान पहुंचा और न ही लोन मिला। जब महिलाएं कार्यालय पहुंचीं तो वहां ताला बंद था और सभी कर्मचारी फरार थे।
इस मामले में ठाकुरगंज थाना में कांड संख्या 148/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने डीआईयू और एसडीपीओ-2, किशनगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। जांच में कंपनी फर्जी निकली।
ये भी पढ़ें- बिहार: 'पार्टी के लिए खाता खोलना भी मुश्किल होगा', अनंत सिंह के बयान से सियासत में हलचल; अब आगे क्या होगा?
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने वैशाली से मुख्य आरोपी राजू कुमार (पिता अशोक कुमार झा), निवासी भतनडीह, थाना काजीपुर, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में राजू ने बताया कि बिहार के कई जिलों में उसका नेटवर्क फैला हुआ है। ठाकुरगंज और पोठिया स्थित कार्यालयों में आठ लोग ब्रांच मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर और फील्ड स्टाफ बनकर ठगी कर रहे थे।
गिरोह सोशल मीडिया पर नौकरी का विज्ञापन देकर युवाओं को भर्ती करता था। उन्हें ट्रेनिंग देने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यालय खुलवाए जाते थे। इसके बाद 10 से 15 दिनों में लोन दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से पैसे वसूले जाते थे और फिर आरोपी फरार हो जाते थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।