युवक के साथ पूछताछ करते हिन्दू संगठन के लोग
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया के कला भवन परिसर से बुधवार को एक अंतरधार्मिक प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर काफी हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने परिसर में एक युवक और नाबालिग युवती को एक साथ देखकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को के. हाट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दो साल पुराने प्रेम संबंध का दावा
पकड़े गए युवक की पहचान भागलपुर जिले के बिहपुर थाना अंतर्गत नारायणपुर निवासी राजा खान के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसके जीजा की खगड़िया जिले के भटकन पसराहा में लाइट की दुकान है, जहां वह पहले लाइट मिस्त्री का काम करता था। युवती के पिता की भी पास में ही पान की दुकान है, जिसके कारण पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग एक साल पहले राजा काम छोड़कर दिल्ली चला गया था, लेकिन दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी थी। बुधवार दोपहर वह दिल्ली से सीधे पूर्णिया आकर कला भवन परिसर में युवती से मुलाकात कर रहा था।
संदिग्ध अवस्था में मिलने पर जुटी भीड़
दोनों को परिसर में संदिग्ध अवस्था में बातचीत करते देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की भनक लगते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही के. हाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक-युवती को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले आई।
ये भी पढ़ें:
ग्रेजुएशन की परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को रफ्तार ने छीना! भाई के सामने बहन की हुई दर्दनाक मौत
मोबाइल में तस्वीरों को लेकर गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि युवक ने नाबालिग युवती का शोषण करने की नीयत से अपने मोबाइल फोन में कुछ अश्लील तस्वीरें भी रखी हुई थीं। के. हाट थाना पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है और दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।