Bihar: पूर्णिया में NH-31 पर बिहार राज्य पथ परिवहन की बस ने बाइक सवार धीरतानंद मंडल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनके पीछे तीन छोटे बच्चे और पत्नी ललिता देवी रह गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और प्रशासन से मृतक के परिवार को राहत देने की मांग उठी है।
पूर्णिया में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-31 स्थित मेहता चौक के पास हुई, जहां बिहार राज्य पथ परिवहन की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन
धीरतानंद मंडल के रूप में हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान गंगेली पंचायत के चपरय गांव निवासी 40 वर्षीय धीरतानंद मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वे बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी पल्सर बाइक (BR 11 AW 6481) से पूर्णिया जा रहे थे, तभी पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही बस (BR 10 PC 2505) ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और धीरतानंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मरंगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी ललिता देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।