किशनगंज जिले के सखुआ डाली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14, हारोभिट्टा गांव में एक सरकारी शिक्षक पर सार्वजनिक सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर दीवार बनाने का आरोप लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ठाकुरगंज अंचल अधिकारी से की थी।
ग्रामीणों मो. तबरेज, मो. हसीबुल और हनीमुद्दीन सहित कई लोगों का कहना है कि शिक्षक असफाक आलम द्वारा सरकारी सड़क की जमीन पर दीवार खड़ी की जा रही थी, जिससे लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
पढ़ें: श्री जगदंबा पुस्तकालय का शताब्दी समापन समारोह धूमधाम से संपन्न, डिप्टी सीएम व राज्यपाल रहे मौजूद
शिकायत मिलने के बाद ठाकुरगंज अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने 13 अगस्त को आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि तत्काल कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और सोमवार को स्वयं जाकर उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद दीवार निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।
अंचल अधिकारी ने आगे जानकारी दी कि मंगलवार को अमीन से जमीन की माप-जोख करवाई जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज को भी भेज दी गई है।