Bihar: बिहार में अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले विधायक गोपाल मंडल के बिगड़े बोल एक बार फिर सुनने को मिले हैं। इस बार उन्होंने अपनी ही पार्टी जदयू से भागलपुर सांसद अजय मंडल को निशाने पर लिया है।
गोपालपुर विधानसभा के विधायक गोपाल मंडल ने एक बार फिर अपने बड़बोले अंदाज में विवादित बयान देकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। कटिहार में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भागलपुर के सांसद अजय मंडल पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। यही नहीं, विधायक ने अजय मंडल की संसदीय योग्यता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह सांसद बनने लायक नहीं हैं, बल्कि सिर्फ संख्या पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें पार्टी का सिंबल दिया था।
गोपाल मंडल के इन बयानों से जेडीयू में खींचतान खुलकर सामने आ गई है, जिससे पार्टी संगठन में असहज स्थिति पैदा हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप न केवल जनता के बीच नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि पार्टी की एकजुटता पर भी सवाल खड़े करते हैं। वहीं, विपक्ष इस विवाद से सियासी फायदा उठाने की कोशिश कर सकता है।