स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर शुरू की लोगों की जांच
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड स्थित जागीर पदमपुर पंचायत के कटहलबाड़ी गांव में अज्ञात बीमारी ने हड़कंप मचा रखा है। रविवार को एक और बच्ची फहीमा खातून (6) की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव में अब तक चार बच्चों की मौत हो चुकी है। इस अज्ञात बीमारी के कारण पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बच्चों की मौत का सिलसिला
इस बीमारी से पहले तीन बच्चों की मौत हो चुकी थी। हाल ही में फहीमा की मौत ने परिजनों में कोहराम मचा दिया है। इस बीमारी से अब तक उजमा नसरीन (5) पिता अबुल कासिम, रिफत परवीन (6) पिता मो. खालिद, नफीस आलम (4) और फहीमा खातून (6) पिता अब्दुल हकीम की जान जा चुकी है। बच्चों की लगातार हो रही मौतों ने गांव वासियों में चिंता और भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोग यह जानने के लिए चिंतित हैं कि आखिर यह अज्ञात बीमारी क्या है, जो इतनी जल्दी बच्चों की जान ले रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर शुरू की जांच
इस संकट के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पिछले चार दिनों से कटहलबाड़ी गांव में शिविर लगाकर अन्य लोगों की जांच करने का कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान जिलाधिकारी विशाल राज ने भी गांव का दौरा किया है और स्थानीय प्रशासन को इस मामले में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
गांववासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस बीमारी का पता लगाया जाए और इसके उपचार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्हें आशंका है कि अगर समय पर कोई उपाय नहीं किया गया, तो यह बीमारी और बच्चों की जान ले सकती है।