पूर्णिया में गड्ढे के पानी में डूबने से एक ही गांव के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चा, महिला और युवक शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना कसबा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर गांव की है, जहां डूबते हुए बच्चे को नदी के किनारे गड्ढे में डूबते देख बचाने के दौरान सभी को मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुलोचना देवी (35), विनोद राय की पुत्री गौरी कुमारी, गोपाल कुमार के पुत्र शेखर कुमार (20), सिकंदर कुमार के पुत्र करण कुमार (22) और स्व0 मनोज राय के पुत्र सचिन कुमार (18) के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में परिजन सन्नी कुमार ने बताया कि गौरी घर के बगल में बने गढ्ढे के पास गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिस वजह से वह पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। बच्ची को डूबते देख बच्ची की मामी सुलोचना देवी उसे बचाने के लिए उसमें कूद गई, लेकिन वह भी डूब गई। उसके बाद एक-एक करके पांच लोग एक दूसरे को बचाने के लिए गड्ढे में कूद गए, जिसमें बचाने के दौरान सचिन, करण और शेखर गड्ढे में ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को किसी तरह बाहर निकाला गया। उसके बाद उन सभी की जांच पूर्णिया जीएमसीएच में करवाई गई, जिसमें डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद सचिन की लाश को बरामद हुई हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।
कसबा के प्रमुख इरफान आलम ने कहा कि कारी कोसी नदी के किनारे बांध बनाने के लिए 5 करोड़ 30 लाख में टेंडर पास हुआ था। मधेपुरा का ठीकेदार टेंडर लेकर निर्माण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ठीकेदार बांध बनाने के लिए घर के पास ही 40 से 50 फिट गड्ढा खोद दिया, जिसके कारण गड्ढे में गिरने से एक ही गांव सभी लोगों की मौत हो गई। सभी आपस में में रिश्तेदार ही हैं। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ टीम को फोन किया गया, लेकिन एसडीआरएफ टीम नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों की मदद से सभी को निकाला गया। वहीं कसबा थाना पुलिस ने बताया कि कारी कोसी नदी के किनारे गड्ढे की पानी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही हैं।