पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र स्थित बीबीगंज चौक के पास रविवार को अज्ञात अपराधियों ने पूर्व वार्ड पार्षद विजय उरांव को निशाना बनाकर फायरिंग की। बाइक सवार दो अपराधियों ने तीन राउंड फायर किए, लेकिन गनीमत रही कि विजय उरांव को कोई गोली नहीं लगी। वे घटनास्थल से कुछ दूरी पर बैठे थे और बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से दो खोखा भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने विजय उरांव को लिखित आवेदन देने को कहा है।
पढ़ें: पटना के बापू सभागार में आयोजित होगी रामधारी सिंह दिनकर की 51वीं पुण्यतिथि, अश्विनी चौबे ने दी जानकारी
विजय उरांव ने बताया कि उनके पड़ोसी विशुन उरांव से ज़मीनी विवाद चल रहा है। रविवार को इसी मुद्दे पर पंचायत हो रही थी। तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और उनका नाम लेकर हवाई फायरिंग करते हुए जनता चौक की ओर फरार हो गए। उन्होंने किसी को पहचानने से इनकार किया है, लेकिन इसे विरोधियों की साजिश बताया। वहीं, विशुन उरांव ने इस घटना को उन्हें और उनके समर्थकों को फंसाने की साजिश बताया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। गांव के लोगों ने घटना के बाद विरोध जताया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।