Bihar News: मौके पर मौजूद मजदूरों ने सीधे तौर पर ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि दो मंजिल की सेंटरिंग हाल ही में की गई थी, जो अधपकी थी। इसके बावजूद ठेकेदार ने उसी पर तेजी से काम शुरू करवा दिया।
पूर्णिया जिले के सहायक खजांची थाना क्षेत्र में फोर्ड कंपनी के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान की छत ढलाई के दौरान ढह गई। इस हादसे में चार मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की वजह कमजोर सेंटरिंग रही। ढलाई का काम चल ही रहा था कि अचानक सेंटरिंग टूट गई और कंक्रीट से भरी छत भरभराकर गिर गई। मजदूरों को न तो हेलमेट दिया गया था और न ही कोई सुरक्षा उपकरण।
मौके पर मौजूद मजदूरों ने सीधे तौर पर ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि दो मंजिल की सेंटरिंग हाल ही में की गई थी, जो अधपकी थी। इसके बावजूद ठेकेदार ने उसी पर तेजी से काम शुरू करवा दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। अपर समाहर्ता रवि राकेश, एसडीपीओ ज्योति प्रकाश और नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अपर समाहर्ता ने उच्च-स्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निकालकर जीएमसीएच भेजा गया है। इस घटना ने निर्माण कार्य में लापरवाही और मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।