प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से प्रचार शुरू करेंगे। मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार के सासाराम, गया और भागलपुर में चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ ही भाजपा और एनडीए ने पूरी तैयारी कर रखी है। इन रैलियों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान सबसे पहले सुबह 11 बजे सासाराम में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। सासाराम में सुबह होने वाली चुनावी जनसभा में मुख्यमंंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जयसवाल समेत अन्य नेता मौजूद होंगे। सासाराम की रैली से भाजपा के 12, जदयू के 12 और वीआईपी के एक उम्मीदवार एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से प्रधानमंत्री की रैली से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
गया में एक बजे संबोधित करेंग प्रधानमंत्री
इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी एक बजे गया में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। गया में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सुशील कुमार सिंह और चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगें। गया में बाकी अन्य नेता और उम्मीदवार प्रधानमंत्री की रैली से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
भागलपुर में तीन बजे से रैली को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री के शेड्यूल के मुताबिक, वह भागलपुर की रैली को तीन बजे से संबोधित करेंगे। इस रैली में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के अन्य नेता मौजूद रहेंगे। भागलपुर में बाकी अन्य नेता और उम्मीदवार प्रधानमंत्री की रैली से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा
प्रधानमंत्री की रैली के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी ने पूरी तैयारी की है। मंच पर उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने गुरुवार को कोरोना जांच कराई है। मंच के सामने लगने वाली कुर्सियों को दूर-दूर रखा गया है। वहीं कोरोना बचाव संबंधी अन्य नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रधानमंत्री मोदी की रैली को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड सहित अन्य सुरक्षात्मक प्रबंध भी किए गए हैं।