राष्ट्रपति ने चौथे कृषि रोड मैप का किया शुभारंभ।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम बोले- आलू के उत्पादन में भी नालंदा जिले के एक गांव ने भी विश्व कीर्तिमान बनाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कृषि रोड मैप से किसानों को काफी फायदा हुआ है। धान, मक्का, गेहूं और आलू का उत्पादन और उत्पादकता बढ़ी है। वर्ष 2011-12 में नालंदा के एक किसान ने प्रति हेक्टेयर धान का सबसे ज्यादा उत्पादन कर चीन को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले प्रति हेक्टेयर का रिकॉर्ड चीन के नाम था। आलू के उत्पादन में भी नालंदा जिले के एक गांव ने भी विश्व कीर्तिमान बनाया। वर्ष 2012 से वर्ष 2017 तक दूसरे कृषि रोड मैप के तहत कार्य किये गये, जिसके फलस्वरूप फल, सब्जी, दूध, अंडा एवं मछली का उत्पादन काफी बढ़ा है। उत्पादकता बढ़ने से किसानों को काफी फायदा हुआ है। वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक तीसरे कृषि रोड मैप के अन्तर्गत कार्य तय किये गये थे लेकिन इसका कार्यकाल एक साल के लिये बढ़ाकर वर्ष 2023 तक कर दिया गया। बचे हुये कार्य एवं आगे के कार्य के और विस्तार को लेकर आज से चतुर्थ कृषि रोड मैप की शुरुआत की गयी है। इसके तहत तेजी से कार्य होंगे ताकि किसानों को और फायदा हो सके। उन्होंने कहा कि चौथे कृषि रोड मैप शुरू करने के पहले किसानों से भी राय ली गई थी। बिहार में मछली का उत्पादन ढाई गुणा बढ़ा है। अब बिहार मछली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर हो गया है। अब बिहार में बाहर से मछली मंगाने की जरूरत नहीं है। चावल, गेहूं और मक्का के उत्पादन को लेकर बिहार को 5 कृषि कर्मण पुरस्कार मिले हैं। आलू, गोभी, बैंगन और टमाटर का उत्पादन भी काफी बढ़ा है। बिहार में मखाना का भी उत्पादन काफी बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2008 में हमने कृषि रोड मैप को लेकर कृषि वैज्ञानिक डॉ. मंगला राय जी से सलाह ली थी। श्रद्धेय अटल जी की सरकार में हम केंद्र में कृषि मंत्री थे तो उस समय वे हमसे जुड़े थे। अभी भी डॉ० मंगला राय जी मुख्यमंत्री के कृषि सलाहकार के रूप में हमसे जुड़े हुये हैं। कृषि रोड मैप में उनका योगदान काफी महत्त्वपूर्ण है। हमने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कृषि रोड मैप के तहत तेजी से कार्य करें।
बापू सभागार में 22 किसान समेत स्वंय सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। बता दें कि बापू सभागार में करीब 22 किसान समेत स्वंय सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं। इसके बाद तख्त श्रीहरमंदिर में मत्था टेका। रात में राजभवन में राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन होगा। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।
जानिए, पटना का ट्रैफिक प्लान
बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक पटना आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ मोड़ से चिल्ड्रेन पार्क, ज्ञान भवन, कारगिल चौक वाहनों का परिचालन नहीं होगा। सभी वाहन जेपी गंगा पथ होते हुए आगे की ओर जाएंगे। राजापुर पुल से बोरिंग रोड, बेली रोड की ओर जाना होगा। सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक करगिल चौक से चिल्ड्रन पार्क, ज्ञान भवन की ओर से कोई भी गाड़ियों का परिचालन नहीं होगा। वाहन चालक करगिल चौक से रामगुलाम चौकर होते एग्जीबिशन रोड से आगे की ओर सकते हैं। वहीं दोपहर 2 से शाम 6 बजे के बीच आशोक राजपथ में पूरब दरवाजा से तख्त श्री हरिमंदिर साहब की ओर वाहन चालक नहीं जा पाएंगे। वाहन चालक मोर्चा रोड से सुदर्शन पथ होते पटना सहिब की ओर आगे जा सकते हैं।