पटना में बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक एवं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। निष्पक्ष और सुचारू तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत मतगणना पदाधिकारियों को 10 और 16 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि मतदान पदाधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर, संग्रहण दल के कर्मियों और वीडियोग्राफरों का प्रशिक्षण 21 अक्टूबर को होगा।
सहायक निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों में गंभीरता और सजगता के साथ भाग लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील दायित्व है। इसके सफल संचालन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की स्पष्ट जानकारी और निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन जरूरी है।
समाहरणालय के सभाकक्ष में होगा प्रशिक्षण
जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना पदाधिकारियों का प्रशिक्षण 10 और 16 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। वहीं, मतदान पदाधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वर के दूसरे चरण का प्रशिक्षण 21 अक्टूबर को होगा। इसी दिन संग्रहण दल के कर्मियों के साथ वीडियोग्राफरों और कैमरामैन को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशासन का जोर निर्वाचन से जुड़े सभी कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने पर है, ताकि चुनाव के दौरान निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।