बिहार के सियासी घमासान के बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव का लड़का 9वीं पास है और वो राज्य का उपमुख्यमंत्री है। क्या ऐसे किसी और को चपरासी की भी नौकरी मिल सकती है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो प्रशांत किशोर ने यह बात जनसुराज यात्रा के दौरान लोगों से बात करते हुए कही।
जन सुराज पदयात्रा के छठवें दिन पीके ने पलायन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लोग रोजगार के अभाव में परिवार से दूर रोजी रोटी की तलाश में दिल्ली-मुंबई में काम करते हैं। ऐसे लोगों को 6 महीने से एक साल के अंदर बिहार वापस लाने का प्रयास किए जाएंगे।
प्रशांत किशोर की पदयात्रा धनौजी के बाद पिपरा होते हुए बजरा पंचायत पहुंचे। यहां दो छोटी छोटी सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी कोई चुनाव नहीं है, मैंने अपना घर परिवार छोड़कर बिहार के गांव-गांव में पैदल चलना शुरू किया है और संकल्प लिया है कि बिहार के सारे गांव-पंचायत में पैदल चल कर जाऊंगा।
उन्होंने कहा कि वोट मांगने के लिए नहीं, बल्कि यह बताने के लिए कि जिनको आज तक आप लोग वोट देते हुए आए हैं उन्होंने आपकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया है। गरीबी, महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दे हैं, अगर आप अपने और अपने बच्चों की भविष्य की चिंता नहीं करेंगे, तो कौन करेगा।