चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिहार जैसे राज्यों में महंगाई और औद्योगिक विकास की कमी का आरोप लगाया। बिहार में इन दिनों राज्यव्यापी यात्रार पर निकले किशोर पटना से तीन सौ किलोमीटर दूर पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडल के ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह धाराप्रवाह भोजपुरी में बोलते हुए नजर आ रहे हैं। किशोर ने कहा, "हमने हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा लगाया और वह प्रधानमंत्री बने। इसके बदले हमें रसोई गैस का प्रति सिलेंडर पांच सौ रुपये से बढ़कर 1,300 रुपये का मिल रहा है। अगर वे एक और कार्यकाल के लिए चुने जाते हैं तो कीमत 2,000 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंच सकती है।" बता दें कि 2014 के आम चुनाव के लिए प्रशांत किशोर ही अभियान का जिम्मा संभाल रहे थे।
पांच किलो मुफ्त राशन की योजना की ओर इशारा करते हुए उन्होंने मौजूदा सरकार के उन कल्याणकारी उपायों को भी बकवास करार दिया जिन्हें कई राज्यों में भाजपा की चुनावी सफलता का श्रेय दिया जाता है। किशोर ने कहा, इसके बदले हमें पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर दें।
गुजरात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी फैक्ट्री लगाने का वादा बिहार के लिए करते हैं, लेकिन बाद में वो फैक्ट्रियां गुजरात में लग जाती हैं। आईपैक के संस्थापक ने आगे कहा, मोदी ने बिहार के लोगों से वादा किया था कि वह यहां मरी हुई चीनी मिलों को पुनर्जीवित करेंगे और स्थानीय रूप से उत्पादित चीनी के साथ मीठी चाय का स्वाद लेंगे।
किशोर ने आगे कहा, हमारे लड़के अभी भी गुजरात जैसी जगहों पर जा रहे हैं जहां उनके कारखाने हैं। गुजरात देश के लिए सिर्फ 26 सांसद भेजता है उसके लिए इतना कुछ, जो बिहार 40 सांसद भेजता है, उसके इतना कम।