वास्तविक पोस्टर देखकर कांप जाएगी नई पीढ़ी:सुशील कुमार मोदी
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने लालू-राबड़ी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'यदि 1990-2005 के बिहार का वास्तविक पोस्टर बनाया जाए, तो वह इतना भयावह होगा कि नई पीढ़ी कांप जाएगी। जो लोग सच देखने का साहस रखते हों, उन्हें बिहार के हालात पर बनी दो फिल्में 'गंगा जल' और 'अपहरण' यू-ट्यूब से डाउनलोड कर अवश्य देखनी चाहिए। ये दोनों फिल्में भाजपा ने नहीं बनाई थीं।'
दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, 'लालू-राबड़ी शासित बिहार के बारे में जो पोस्टर लगाए गए हैं, उनमें न तो कुछ नया है, न कोई गलतबयानी की गई है। पोस्टर में डेढ़ दशक के अंधेरे दौर की कुछ ऐसी बातों की याद दिलाई गई है, जिनकी कठोर सच्चाई लोगों ने भोगी है। लालू प्रसाद बताएं कि उनके समय लाखों लोगों को पलायन क्यों करना पड़ा था?'
राजद के झूठ की टोकरी वाले पोस्टर के जवाब में जदयू ने एक नया पोस्टर जारी किया है। जो बिहार की राजधानी पटना में दिखाई दे रहा है। इसमें राजद के पोस्टर में हिंदी की गलतियों का जिक्र करते हुए लिखा है- चरवाहा विद्यालय का आतंक, शाब्दिक ज्ञान नहीं राजनीतिक ज्ञान दे रहे। पोस्टर में लालू और नीतीश के समय का बिहार दिखाया गया है।