डाक कर्मियों ने की भारी लापरवाही
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय से डाक विभाग के कर्मियों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। यहां डाक कर्मियों की लापरवाही से न सिर्फ एक युवक का साल बर्बाद हो गया बल्कि नौकरी की संभावना भी खत्म हो गई। इस मामले में अभ्यर्थी ने डाक कर्मियों की शिकायत विभाग के वरीय अधिकारियों के अलावा बेगूसराय के जिलाधिकारी से भी की है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थी मिथन कुमार पोद्दार जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 मिर्जापुर चांद के रहने वाले हैं। मिथुन ने आरोप लगाया है कि डाक विभाग की लापरवाही की वजह से उनकी एक साल की मेहनत बेकार हो गई। इस संबंध में उन्होंने डाक विभाग के वरीय अधिकारियों के अलावा बेगूसराय के जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
मिथुन कुमार ने बताया कि आगामी 19 मार्च को उन्हें यूको बैंक द्वारा आयोजित सहायक की परीक्षा में शामिल होना था। उसके लिए विभाग की ओर से एक मार्च को ही एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया था। लेकिन डाक विभाग के कर्मियों की लापरवाही की वजह से उन्हें यह परीक्षा का एडमिट कार्ड पांच अप्रैल को मिला। इससे मिथुन का पूरा साल और मेहनत बेकार हो गई। इस मामले में मजेदार बात यह है कि ट्रैक कंसाइनमेंट में एडमिट कार्ड के पोस्ट ऑफिस पहुंचे की तारीख दो मार्च ही दिखाया जा रहा है। बावजूद इसके इस महत्वपूर्ण पत्र की डिलीवरी पांच अप्रैल को की गई। जब इसकी शिकायत डाक कर्मियों से की तो उन्होंने उलटे एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। उसके बाद पीड़ित युवक ने जगह-जगह न्याय की गुहार लगाई है।
बेगूसराय के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने इसे गंभीर मामला मानते हुए लापरवाह कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र लिखे जाने की बात कही गई है।