शिक्षा का मंदिर मदरसा भी है, लेकिन नवादा के एक मदरसे के मौलवी (शिक्षक) पर छात्राओं से छेड़खानी की धुन सवार थी। छेड़खानी भी करते तो फोटो लेते। फिर उसी फोटोे से ब्लैकमेल कर आगे...। छात्राएं परेशान थीं, लेकिन एक ने सबक सिखा दिया। घर वालों को मौलवी की अश्लील हरकत की शिकायत की। मामला पुलिस तक पहुंचा और मोबाइल में फोटो-वीडियो जैसे सबूतों के साथ जमुई से मौलवी मो. शहादत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक छात्रा ने हिम्मत दिखाई तो पकड़ा गया
मामला नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के एक मदरसे का है। यहां के मदरसे में पढ़ रही एक नाबालिग छात्रा ने हिम्मत कर सारी बातें परिजनों को बताई। उसने बताया कि मौलवी ने पहले अश्लील हरकत की और फिर उसका अश्लील फोटो खींच ब्लैकमेल करने लगा। मौलवी के ब्लैकमेल से परेशान छात्रा ने पूरी जानकारी अपने परिजनों की दी। पुलिस में शिकायत पहुंची तो नाबालिग छात्रा के बयान पर मौलवी के खिलाफ पास्को एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मोबाइल में कई लड़कियों की अश्लील तस्वीरें
मदरसे के मौलवी पर आरोप होने के कारण तनाव था और पुलिस भी फूंक-फूंक कर कदम उठा रही थी। पुलिस ने मौलवी के मोबाइल की जांच की। इसमें कई लड़कियों की अश्लील तस्वीरें मिलीं। वीडियो मिलने की भी बात कही जा रही है। ऐसे में जब सबूत जुट गए तो आम लोग भी उसके खिलाफ हो गए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी मौलवी जमुई जिला के खैरा थाना क्षेत्र के बैजडीह गांव का मोहम्द शहादत हुसैन है।