राजधानी पटना में चर्चित व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इस वारदात को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “बिहार अब 'महाजंगलराज' के दौर में प्रवेश कर चुका है। खेमका की निर्मम हत्या से हम गहरे सदमे में हैं।”
तेजस्वी यादव ने याद दिलाया कि इससे पहले वर्ष 2018 में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी हत्या हो चुकी है। उन्होंने कहा, “हमने तब कैंडल मार्च में हिस्सा लिया था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपराधी बिहार में पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और मुख्यमंत्री बेहोशी की हालत में हैं।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब राजधानी में भी दिनदहाड़े उद्योगपतियों की हत्या हो रही है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तत्काल संज्ञान ले और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
यह भी पढ़ें:
गोपाल खेमका मर्डर केस का बेऊर जेल से क्या है कनेक्शन? छापेमारी करने पहुंची पटना पुलिस की टीम
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने कहा, “हत्या की जांच कई आयामों पर की जा रही है। पटना और वैशाली पुलिस की टीमें इसमें जुटी हैं। 2018 में गोपाल खेमका के बेटे की हत्या वैशाली में हुई थी, लिहाज़ा यह भी देखा जा रहा है कि दोनों मामलों के बीच कोई कड़ी तो नहीं है। सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध की पहचान हुई है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।”
वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो अधिकारी घटना के बाद त्वरित कार्रवाई में विफल रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”