वैशाली जिले के चांदपुर गांव में एक महिला से चेन छीनने के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। मृतक के परिजनों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए आरोप लगाया कि वह बकाया पैसे लेने गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में शनिवार सुबह भीड़तंत्र का भयावह चेहरा सामने आया। गांव में एक महिला से सोने की चेन छीनकर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी मौके पर ही पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही महिला ने शोर मचाया, आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और भाग रहे युवक को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि मृतक के परिजनों ने इस घटना को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने बताया कि मृतक चोर नहीं था, बल्कि वह अपने घर में पहले काम करने के एवज में बकाया लगभग 75,000 रुपये लेने के लिए चांदपुर गांव बुलाया गया था। वहीं बुलाकर उसकी साजिशन हत्या की गई और फिर शव को आरोपियों ने अपने ही दरवाजे पर फेंक दिया।
मृतक की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी बंगाली पासवान के 35 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। महुआ थाने के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होगा, वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।