मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) पुनर्विकास योजना के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अस्पताल में अब 2500 बेड पर मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) पुनर्विकास योजना (चरण-1) के तहत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-तीन का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन के साथ ही पी०एम०सी०एच० में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टावर-3 के भूतल पर ओ०पी०डी० मरीजों के पंजीकरण के लिए कियोस्क और काउंटर व्यवस्था से अवगत कराया। उन्होंने अल्पाहार गृह और पुनर्विकास योजना के तहत पूर्ण तथा निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों के उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
आधुनिक सुविधाओं का जायजा
मुख्यमंत्री ने टावर-3 के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट वार्ड (पीकू) का उद्घाटन किया। उन्होंने स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का भी निरीक्षण किया। छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)-22 और प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग की सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण भी किया।
बेहतर रख-रखाव के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीएमसीएच में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान करें। पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।