वायरल हुए वीडियो का स्क्रीनग्रैब
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक युवक को बकरी चोरी के आरोप में तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो के मुताबिक, कुछ लोगों ने पहले युवक को बांधा फिर जमकर पीटा। फिर उसका सिर मुंडवा कर कालिख भी पोती। उसके बाद गले में चप्पल-जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। यह वायरल वीडियो गायघाट प्रखंड के शिवदाहा बरैल गांव का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कानून हाथ में लिया
जानकारी के मुताबिक, शिवदाहा बरैल गांव में एक युवक को बकरी चोरी के आरोप में कुछ ग्रामीण पकड़ लेते हैं। फिर उसकी लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर पिटाई की जाती है। फिर उसके बाल भी काट दिए गए। कानून को हाथ में लेने वाले ये ग्रामीण यहीं नहीं रुके, बल्कि उसके साथ की गई बदसलूकी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल तक कर दिया। पिटने वाला युवक गांव का ही बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि दीपक दास के घर देर रात साइकिल और बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोरी के समय गांव में दो ट्रांसफॉर्मर से लाइन काट दी गई थी। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने युवक का सिर मुंडवा कर कालिख पोती और उसे पूरे गांव में घुमाया। मानवता को शर्मसार करने वाली यह घटना गायघाट से सामने आई है। जहां पंचायत ने चोरी के आरोप में युवक को तालिबानी सजा सुनाई।
क्या है वायरल वीडियो में
वायरल वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक व्यक्ति गुलाबी रंग की शर्ट पहने हुए है। पीले रंग का गमछा सिर में बांधे हुए है। नीले रंग का पैंट और गुलाबी चप्पल पहनकर हाथ में सफेद रंग का कुछ थामे हुए है। उसे वह आरोपी युवक के सिर पर लगा रहा है। आरोपी युवक जमीन पर बैठा है। उसके गले में चप्पलों की माला है। वहीं, आसपास कुछ बच्चे और अन्य लोग हैं। लेकिन, कोई भी उस व्यक्ति को ऐसा करने से रोक नहीं रहा है। टीका चंदन करने के बाद आरोपी युवक को गांव में भी घुमाया जा रहा है। आगे कुछ लोग ढोल की तरह कुछ बजा रहे हैं। पीछे आरोपी युवक चल रहा है। वहीं, घर के बाहर से लोग तमाशा सा देख रहे हैं।