नालंदा में बख्तियारपुर के पास 26 मार्च 2026 को लगभग पौने दो बजे गाड़ी संख्या 22234 पटना–न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले व्यक्ति को रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को जब ट्रेन संख्या 22234 पटना–न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस बख्तियारपुर जंक्शन से थ्रू पास कर रही थी, तभी दाहिनी ओर से पत्थर फेंका गया। इस घटना में कोच संख्या C-1 की सीट संख्या 41, 42 और 43 के शीशों में दरार (क्रैक) आ गई थी।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
जांच के दौरान न्यू जलपाईगुड़ी स्थित संबंधित विभाग से वंदे भारत ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए गए। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा गया कि बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के मोकामा छोर की ओर से एक व्यक्ति दाहिनी ओर से ट्रेन पर पत्थर मार रहा है। उक्त व्यक्ति की पहचान स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से की गई। स्पष्ट पहचान के लिए उसके विज़िबल फोटोग्राफ और वीडियोग्राफ भी प्राप्त किए गए। इन वीडियो और फोटो को स्थानीय रेल मित्रों एवं गणमान्य व्यक्तियों के बीच साझा किया गया।