विधायक सोनू सिंह और ईओ की पत्नी बबीता कुमारी
- फोटो : अमर उजाला
डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर हत्या के विरोध में विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी पटना की सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मृतक की पत्नी ने स्थानीय विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी बबीता कुमारी ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के स्थानीय विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक उनके पति से लगातार बातचीत के दौरान 50 लाख रुपये की मांग करते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या एक साजिश के तहत कराई गई है। बबीता कुमारी ने विधायक के नार्को टेस्ट की मांग करते हुए हत्या में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने की ये मांग
डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार हत्याकांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि बिहार में अधिकारियों की सुरक्षा भी खतरे में है। तेजस्वी ने परिजनों के आरोपों का हवाला देते हुए एनडीए के एक विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने आईजी स्तर की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वतंत्र जांच से ही सच्चाई सामने आएगी। साथ ही मुख्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
'राजनीतिक साजिश के तहत लगाए जा रहे आरोप'
विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह उनके खिलाफ राजनीतिक उकसावे का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विमल कुमार की हत्या से वह व्यक्तिगत रूप से बेहद आहत हैं। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते शहर के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर उनकी कार्यपालक पदाधिकारी से नियमित बातचीत होती थी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:
EO विमल कुमार हत्याकांड पर फूटा अधिकारियों का गुस्सा, पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
चालक ने कबूला जुर्म, हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद
इस बीच पुलिस जांच में चालक मिथिलेश कुमार ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया है। मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि आरोपी चालक की निशानदेही पर घटनास्थल के पास नहर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। पीड़ित पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
आईजी विकास वैभव ने कहा कि पुलिस मृतक के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में रखकर हर पहलू की सूक्ष्मता से पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।