नालंदा में लूट व छिनतई के दो मामलों का खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले की पुलिस ने लूटपाट और छिनतई की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये घटनाएं दीपनगर और सारे थाना क्षेत्र में हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई संपत्ति, मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक व हथियार भी बरामद किए हैं।
दीपनगर में युवक से मोबाइल-पर्स की लूट, छह गिरफ्तार
दीपनगर थाना क्षेत्र में अमन आनंद नामक युवक के साथ 5 जुलाई की रात लूटपाट की वारदात हुई थी। उन्होंने 8 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अमन ने बताया कि पावापुरी ट्रेन से उतरने के बाद करीब रात 1:15 बजे रेलवे ओवरब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें जबरन बाइक पर बैठा लिया और यूनिवर्सिटी के पास ले जाकर उनका मोबाइल, पर्स और ऑनलाइन ₹1000 ट्रांसफर करवा लिया।
ये भी पढ़ें:
ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े डकैती से हड़कंप, छह बदमाश दुकान में घुसे, 20 लाख के जेवरात लूटकर भागे
प्राथमिकी दर्ज होते ही विशेष टीम ने छापेमारी कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई संपत्ति भी बरामद कर ली गई। डीएसपी सदर नुरुल हक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से वनप्लस, वीवो, पोको और लावा कंपनी के मोबाइल, एक पर्स, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ₹8000 नकद बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- राहुल कुमार (बकरा गांव, पावापुरी ओपी)
- अभिषेक कुमार (देवकुली घाट, बिहार थाना क्षेत्र)
- निवास कुमार (विजवनपर, दीपनगर थाना क्षेत्र)
- सन्नी कुमार (नकटपुरा, बिहार थाना क्षेत्र)
- संतोष कुमार उर्फ रपसी (गगन दीवान, लहेरी थाना क्षेत्र)
- विक्रम कुमार (पोखरपुर, पावापुरी ओपी)
माइक्रोफाइनेंस कर्मी से छिनतई
वहीं 9 जुलाई को सारे थाना क्षेत्र में एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर के साथ हुई छिनतई की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार (जंगीपुर, सारे थाना क्षेत्र) और रॉबिन उर्फ चंदू कुमार (रामी बीघा, अस्थावां थाना क्षेत्र) शामिल हैं। इनके पास से लूटा गया ₹30,000 नकद, एक देसी पिस्टल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। माइक्रोफाइनेंस कर्मी बिंद रोड की ओर जा रहे थे, जब तीन अपराधियों ने उनका बैग झपट लिया। छापेमारी टीम में दीपनगर और सारे थाना अध्यक्ष व उनकी टीम शामिल रही।