नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के चकरसलपुर गांव में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के सिकड़िया मोड़ निवासी संजय विश्वकर्मा, रीता देवी और जीतू विश्वकर्मा शामिल हैं।
नगरनौसा थाना क्षेत्र के नगरनौसा निवासी विनोद विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी बहन ममता देवी की शादी पिछले साल 29 जून को जीतू विश्वकर्मा के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती एक महीने तक सबकुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वे मायके से मोटरसाइकिल, पलंग, गोदरेज और नगदी लाने की मांग कर रहे थे।
समाज के हस्तक्षेप के बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हुआ, लेकिन शादी के छह महीने बाद फिर से ममता के साथ मारपीट शुरू हो गई और दहेज की मांग बढ़ती गई। मृतका के भाई के अनुसार, बुधवार सुबह ममता ने फोन कर बताया था कि सास, ससुर और पति उसे बुरी तरह पीट रहे हैं। इसी दिन शाम को सूचना मिली कि मारपीट के बाद ममता को फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी गई।
दीपनगर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मृतका के भाई की शिकायत पर पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।