शहर के बीच बाजार में एक मंदिर से चोरी हो गई। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि 7 जुलाई की सुबह 6:00 बजे एक व्यक्ति मंदिर के अंदर गमछा ओढ़े प्रवेश करता है और मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा में लगे सोने के टीका को उतार कर फरार हो जाता है।
यह पूरी वारदात को महज 10 सेकेंड में ही अंजाम दे दिया जाता है। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब आसपास के लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे और मां के सोने के टीका को गायब पाया। इसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी हरनौत थाना क्षेत्र के मुढारी गांव निवासी परमानंद पांडे को घटना की जानकारी दी गई। पिछले महीने 19 जून को भी चोरों के द्वारा टीका और नथिया की चोरी इसी मंदिर से कर ली गई थी। जिसका अभी तक खुलासा भी नहीं हुआ है कि बदमाशों के द्वारा फिर से एक बार मंदिर के अंदर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। इसके कारण आसपास के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। मंदिर बीच बाजार में स्थापित है। गर्भ गृह में मात्र 4 फीट का ग्रिल लगा हुआ है। जिसका फायदा चोरों के द्वारा उठाया जा रहा है।
वहीं इस मामले में हरनौत थाना अध्यक्ष मोहम्मद अबू तालिब अंसारी ने बताया कि सीसीटीवी में चोरी की यह पूरी वारदात कैद हुई है। फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान स्थापित की जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।