बक्सर के बासुदेवा गांव के रहने वाले एक युवक का शव सोमवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर झाड़ी में क्षत-विक्षत हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि उसका एक पैर भी कटा हुआ था। इस वजह से शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में ग्रामीणों ने हुलिये के आधार पर शव की पहचान राजेश कोइरी के रूप में की।
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पहचान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इसके बाद कुछ ग्रामीण राजेश के घर पहुंचे और परिजनों से उसके बारे में पूछताछ की। घरवालों ने बताया कि राजेश रविवार देर शाम घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने जब झाड़ी में शव मिलने की जानकारी दी तो परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वहां शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान राजेश कुमार के रूप में की।
युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बासुदेवा गांव के समीप डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।