Bihar : तेजस्वी यादव आज फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता किसी व्यक्ति विशेष के चेहरे पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर वोट देती है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज नीतीश सरकार पर जमकर बरसे। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप हैं और सरकार बनने के बाद सत्ताधारी नेताओं में केवल पद की होड़ मची हुई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता ने किसी व्यक्ति विशेष के चेहरे पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर वोट दिया है।
नीतीश कुमार की सुरक्षा से जुड़े गृह विभाग के एक पत्र में इस्तीफे का जिक्र किए जाने पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने पूछा कि क्या देश में पहले कभी ऐसा हुआ है? उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि अधिकारियों को पहले से ही आभास था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार सत्ता में नहीं लौटेंगे। तेजस्वी यादव ने केरल की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ एलडीएफ सरकार दोबारा सत्ता में आएगी, क्योंकि पिछले 10 वर्षों में उसने बेहतरीन कार्य किया है।
तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल का काम अब केवल विपक्ष को गाली देना रह गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोगों को रोजगार मिला? क्या महिलाओं को 2 लाख रुपए की सहायता मिली? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। दरअसल तेजस्वी यादव आज पटना से झारखंड जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह बातें कही।