राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीसराय शिवालय मुक्तिधाम के पास मामूली विवाद में मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में ईंट भट्ठा मालिक के बेटे और भतीजे समेत तीन युवक घायल हो गए।
नशा करने को लेकर हुई पहले कहासुनी
मिली जानकारी के अनुसार, ईंट भट्ठा मालिक चट्टान सिंह के बेटे और भतीजे अपने भट्ठे के पास मौजूद थे। इसी दौरान मवेशी चरा रहे कुछ युवक वहां बैठकर कथित रूप से सूखा नशा कर रहे थे। तभी भट्ठा मालिक के बेटे और भतीजे ने उन्हें वहां नशा करने से मना किया। इस बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद नशा कर रहे युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के पहुंचने पर हमलावार फरार
पीड़ित पक्ष के आर्यन सिंह ने बताया कि उन्होंने केवल युवकों को नशा करने से मना किया था, जिससे वे भड़क गए। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों को बुलाकर हमला कर दिया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आर्यन सिंह ने तुरंत डायल 112 पर फोन किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:
आज नहाय-खाय के साथ चैत्र छठ की शुरुआत, जानिए चार दिवसीय महापर्व में किस दिन क्या होता है?
मारपीट में घायल हुए युवकों को ले जाया गया अस्पताल
घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार, एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे युवक की नाक टेढ़ी हो गई है और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है। घायल राहुल की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।