बिहार के अररिया व भागपलुर जिलों में आग में झुलसने से नौ बच्चों की मौत हो गई। अररिया के पलासी ब्लॉक में मंगलवार को एक दिल दहलाने वाली घटना हुई। गेहूं की बालियां भून रहे छह बच्चों की आग में जलने से मौत हो गई। वहीं, भागलपुर में भी एक घर में लगी आग में तीन अन्य बच्चों की मौत हो गई।
झोपड़ी में छुपने गए थे बच्चे : डीएसपी
घटना अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के कवैया गांव के वार्ड नंबर 6 में मंगलवार दोपहर हुई। प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एजाज हफीज ने बताया कि बच्चे गेहूं की बालियां भून रहे थे, उसी दौरान आग से निकली चिंगारी पास की एक फूंस की झोपड़ी पर पड़ी, जिससे झोपड़ी में आग लग गई। बच्चे डर से झोपड़ी के भीतर छुपने गए और वहीं आग की चपेट में आ गए।
मदद के लिए चीखते हुए तोड़ा दम
कवैय्या गांव में छह बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया। झोपड़ी में आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी तेजी से लगी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। मासूमों ने मदद के लिए चीखते-चीखते दम तोड़ दिया।
बच्चों की उम्र पांच से छह साल
सूचना पाते ही पलासी थाना पुलिस के साथ एसपी, एसडीओपी और सदर एसडीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भिजवाया। मृत बच्चों में दो लड़कियों व चार लड़के हैं। उनकी उम्र पांच से छह साल थी।
इन बच्चों की हुई मौत
मोहम्मद यूनिक का बेटा अशरफ, मिन्हाज की बेटी मुन्नी, मोहम्मद फारूक का बेटा बरकश अली, मोहम्मद मतीन का बेटा अली हसन, मोहम्मद तनवीर की बेटी खुशनियार, मोहम्मद मंजूर का छह साल का बेटा दिलवर।
भागलपुर में घर में खाना बनाते वक्त हादसा
उधर, भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में सोमवार रात खाने बनाने के दौरान एक घर में लगी आग की चपेट में आकर तीन बच्चों की झुलसने से मौत हो गई जबकि बच्चों को बचाने की कोशिश में बच्चों के माता-पिता बुरी तरह झुलस गए।
कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए मंगलवार को बताया कि अधिकारियों की टीम को घटनास्थल के लिये भेजा गया है। रिर्पोट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतकों में पेशे से मजदूर लालमुनि मंडल के पांच साल के पुत्र सूरज कुमार, तीन साल की पुत्री प्रीति और एक साल की बेटी नैना कुमारी शामिल हैं। जख्मी लालमुनि और उनकी पत्नी को स्थानीय रेफरल अस्पताल पहुंचवाया। दोनों झुलसे दंपती खतरे से बाहर बताए जाते हैं।