रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय में मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चपरासी विनोद कुमार ठाकुर को 1.16 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
रोहतास जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। मंगलवार को बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय में तैनात एक चपरासी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक लाख 16 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। घटना के बाद अनुमंडल कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
जमीन विवाद निपटाने के लिए मांगी रिश्वत
गिरफ्तार चपरासी की पहचान विनोद कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह बिक्रमगंज के धनगांईं गांव निवासी राकेश कुमार ठाकुर से जमीन विवाद निपटाने के नाम पर रिश्वत ले रहा था। तभी पहले से जाल बिछाए निगरानी विभाग की टीम ने उसे धर दबोचा।
निगरानी डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी चपरासी ने जमीन विवाद मामले में 1.60 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया और पैसे के लेनदेन के दौरान ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे पटना ले जाया गया है, जहां निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि रोहतास जिले में पिछले दो-तीन महीनों में यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है। निगरानी विभाग और सीबीआई लगातार भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों पर शिकंजा कस रहे हैं, जिससे सरकारी दफ्तरों में खलबली मच गई है।