मतदाता अभिषेक पाठक और विजय शंकर चौधरी ने बताया कि पुल की मांग को लेकर वोट का बहिष्कार किया जा रहा है। पुल नहीं रहने की वजह से तेलारी बाजार करने के लिए आने-जाने में काफी परेशानी होती है। गांव के बच्चों को पढ़ाई सहित इलाज कराने में जाने के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। तेलारी चेनारी कुदरा जाने में आठ से 10 किमी की दूरी मेन रास्ते पर जाने के लिए तय करनी पड़ती है। पुल की मांग सांसद, एमएलसी और विधायक से कई बार की गई। लेकिन कोई पहल नहीं की गई। वर्ष 2021 में ग्रामीणों द्वारा डीएम से मिलकर पुल बनवाने की मांग की गई थी, कोई ध्यान नहीं गया। अगर पुल निर्माण का आश्वासन नहीं मिलता है, वोट बहिष्कार पूरे दिन रहेगा।
वोट बहिष्कार की सूचना पर रामपुर बीडीओ दृष्टि पाठक और करमचट थानाध्यक्ष विकास कुमार पहुंचे। जहां वोटरों को समझा कर वोट करने की अपील की गई। बीडीओ ने कहा कि आप वोट दीजिए पुल बनेगा, जिसके बाद उन्होंने दुर्गावती नदी पर पुल के लिए स्थल का निरीक्षण भी किया। लेकिन वोटर मानने को तैयार नहीं हैं। अब देखना यह होगा क्या आज पूरे दिन इस गांव के मतदाता अपने बूथ पर वोटिंग नहीं करेंगे या फिर जिला स्तर के पदाधिकारी की बातों को मान कर वोट करेंगे।