रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में शनिवार की सुबह करीब नौ बजे एक बालू लदे ट्रैक्टर ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही को सरेआम रौंद दिया। घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल सिपाही को सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के समीप की बताई जा रही है।
नो एंट्री में रोकने पर रौंदा
दरअसल, शहर के एंट्री पॉइंट पर तैनात सिपाही मुकेश कुमार नो एंट्री क्षेत्र में एक बालू लदे ट्रैक्टर को प्रवेश करने से रोकने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन बालू माफियाओं में पुलिस का खौफ किस कदर खत्म हो चुका है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सिपाही को कुचलते हुए आगे निकल गया। ट्रैक्टर का पिछला चक्का मुकेश कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।
ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
घायल सिपाही से मिलने अस्पताल पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत ने बताया कि फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता घायल जवान मुकेश कुमार की जान बचाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को खदेड़कर पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान चालक भागने में सफल रहा।
ये भी पढ़ें:
पटोरी स्टेशन पर मौत को मात! ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे रहे 4 लोग, वीडियो देख कांप उठे लोग
चालक की पहचान में जुटी पुलिस
मामले में रोहतास एसपी रौशन कुमार ने कहा कि सासाराम के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास सुबह करीब आठ बजे नो एंट्री के दौरान एक ट्रैक्टर को रोकने के क्रम में यह हादसा हुआ, जिसमें ट्रैफिक सिपाही मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घायल सिपाही के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।