बिहार के रोहतास जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मुक्तिगंज मोहल्ले में एक 18 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सनसनीखेज बात यह है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को मृतक के अपने ही घर के आंगन में फेंक दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। शुक्रवार को जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, सनसनी मच गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। मृतक किशोर की पहचान मुक्तिगंज मोहल्ला निवासी नंदू यादव के 18 वर्षीय पुत्र डब्ल्यू कुमार के रूप में की गई है।
चार-पांच दिनों से लापता था किशोर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, डब्ल्यू कुमार अपने पिता के साथ मजदूरी का काम करता था और परिवार की आर्थिक गाड़ी खींचने में मदद करता था। बीते चार-पांच दिनों से वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद चिंतित थे। इसी बीच, बीते गुरुवार की रात अचानक परिजनों की नजर घर के आंगन में पड़ी, जहां डब्ल्यू का बेजान शरीर पड़ा हुआ था। घर के आंगन में लाश देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
गले में फंदा और शरीर पर चोट के निशान
परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने शव को देखा तो डब्ल्यू के गले में एक रस्सी का फंदा कसकर बंधा हुआ था। इसके साथ ही उसके शरीर पर कई जगहों पर गंभीर चोटों के निशान भी मौजूद थे, जो इस बात की गवाही दे रहे थे कि हत्या से पहले उसके साथ बर्बरता की गई थी। हालांकि, परिजनों ने किसी भी व्यक्ति के साथ पुरानी दुश्मनी, रंजिश या विवाद की बात से साफ इनकार किया है। रोते-बिलखते पिता ने कहा कि डब्ल्यू बेहद मिलनसार स्वभाव का लड़का था और दिन-रात मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था।
इस बदकिस्मत परिवार पर पहले भी टूटे कई पहाड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गरीब और बदकिस्मत परिवार ने बीते कुछ वर्षों में एक के बाद एक कई बड़े दुखों का सामना किया है। तकरीबन छह साल पहले डब्ल्यू की मां पूरे परिवार को बेसहारा छोड़कर कहीं चली गई थी। इसके बाद तीन साल पहले एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जब डब्ल्यू के छोटे भाई की सांप के काटने से अकाल मौत हो गई। घर में एक जवान बहन भी है, जिसकी शादी की जिम्मेदारी पिता और पुत्र के कंधों पर थी। बहन के हाथ पीले करने का सपना संजोए बाप-बेटा दिन-रात पसीना बहा रहे थे, लेकिन अपराधियों ने इस हंसते-खेलते परिवार की आखिरी उम्मीद को भी छीन लिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: मां की डांट नहीं सह पाईं सगी बहनें, घर लौटते ही उठाया आत्मघाती कदम; गांव में पसरा सन्नाटा
सबूत जुटाने में लगी पुलिस और एफएसएल की टीम
वारदात की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने बारीकी से मुआयना कर कई वैज्ञानिक साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।