रोहतास जिले से एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज घटना सामने आया है। घटना बीती रात बड्डी थाना क्षेत्र के बरुआ गांव की बताई जाती है, जहां पशु चारा के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने दीपक बिंद को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली दीपक बिंद के आंख के पास लगी थी।
बकाया पैसे को लेकर उपजा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार बरुआ गांव निवासी दीपक बिंद और गांव के हीं कमल यादव के बीच पशु चारा के बकाया पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की रात इसी पैसे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते हीं देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि बहस के दौरान कमल यादव ने दीपक बिंद पर फायरिंग कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वाराणसी में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों व ग्रामीणों की मदद से उसे सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार दीपक बिंद की वाराणसी में रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई है और परिवार में कोहराम मचा है।
ये भी पढ़ें:
प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई युवती, अगले ही दिन नदी किनारे मिला अधजला शव; रोहतास में सनसनी
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ वन दिलीप कुमार ने बताया कि फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द हीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।