बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चेनारी थाना क्षेत्र के उभांव गांव निवासी पप्पू तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भैंस चराने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पप्पू तिवारी इन दिनों छोटकी चेनारी गांव स्थित अपने मौसी के घर रह रहा था। सोमवार दोपहर वह भैंस चराने के लिए धनसोत नदी की ओर गया था। इसी दौरान किसी तरह उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई।
गहरे पानी में था शव
जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में तलाशी अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें:
रणक्षेत्र में तब्दील हुआ बारात का जश्न, रास्ता देने के विवाद में महिलाओं से मारपीट
बेटे की मौत से टूटा परिवार
शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे के खोने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। सूचना मिलने पर शिवसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।