रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गावती जलाशय में रविवार को नहाने के दौरान एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवसागर प्रखंड के किरहिंडी गांव निवासी सुनील शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। सूरज स्थानीय विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र था।
छिपकर गए थे डैम पर नहाने
परिजनों के अनुसार, रविवार की दोपहर गांव के कुल पांच बच्चे घरवालों को बिना बताए दुर्गावती डैम नहाने के लिए निकल गए थे। सभी बच्चे जलाशय में कूदकर नहा रहे थे, तभी सूरज का पैर जलकुंभी में फंस गया। उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। साथी बच्चों से भी उसे कोई मदद नहीं मिल सकी और वह गहरे पानी में डूब गया।
पढ़ें: नवादा में दो धार्मिक स्थलों की मूर्तियां खंडित, इलाके में तनाव; प्रशासन अलर्ट
सूचना मिलते ही पहुंचे ग्रामीण और पुलिस
घटना के बाद अन्य बच्चों ने गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव बाहर निकाला गया। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया परिजनों को
चेनारी थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।