लालू यादव ने चुनाव परिणामों पर बात की।
- फोटो : ANI
फुलवारीशरीफ में बेटी के लिए जनमत जुटाने निकले
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर हैं और पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के बाद इनके वापस जेल जाने की बात कही थी। अब लालू प्रसाद यादव अपनी एक बेटी रोहिणी आचार्य के लोकसभा क्षेत्र सारण से फ्री होने के बाद बड़ी बेटी मीसा भारती के पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय हुए हैं। फुलवारीशरीफ अल्पसंख्यकों की घनी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां के मतदान केंद्र राजद के लिए रिजर्व माने जाते हैं। ऐसे में एक जून को मतदान से पहले अल्पसंख्यक वोटरों की गारंटी हासिल करने के लिए लालू खुद फुलवारी निकले। खानकाह भी गए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में इस दौरान एलान किया कि अब नरेंद्र मोदी वापस प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं। वह तो गए। चार जून को इंडी गठबंधन को बहुमत मिलेगा और वह सरकार बनाएंगे।
पाटलिपुत्र से दो बार हार चुकी हैं मीसा भारती
बिहार की राजधानी पटना में दो लोकसभा क्षेत्र हैं- पटना साहिब और पाटलिपुत्र। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर राजद से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए रामकृपाल यादव ने 2014 में मीसा भारती को हराया तो उन्हें केंद्र में मंत्री पद मिला। दूसरी बार भी उन्होंने मीसा भारती को इसी सीट पर हराया, लेकिन 2019 में वह मंत्रिमंडल से बाहर ही रहे। अब 2024 में वह मीसा भारती के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाने को भाजपा के टिकट से उतरे हुए हैं। मीसा भारती राज्यसभा की सदस्य रहते लोकसभा का चुनाव लड़ रही हैं और पिछली बार की तरह इस बार भी लालू परिवार ने इसे अपनी प्रतिष्ठा की सीट बना लिया है। इसी कारण लालू प्रसाद यादव इतनी भीषण गर्मी में भी जनमत के लिए निकले।