राजद नेता तेजस्वी यादव ने किया पैदल मार्च
- फोटो : ANI
बिहार के मंत्री राम मूरत राय के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा में राजद के विधायकों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज करते हुए कहा कि उनके जितना कमजोर देश का कोई सीएम नहीं है। उन्होंने कहा कि ये सरकार तानाशाह है। राज्य विधानसभा जदयू और भाजपा का कार्यालय बन गई है।
तेजस्वी ने कहा कि मंत्री के रिश्तेदार पर शराब तस्करी के गंभीर आरोप हैं। उन पर विधानसभा में चर्चा होना चाहिए। जब मंत्री पर गंभीर आरोप लग रहे हैं तब नीतीश कुमार सदन से अनुपस्थित हैं। सरकार घबराई हुई है। उन्हें भय है कि हम सबूत दे देंगे।
राजद विधायकों का आरोप है कि शराबबंदी कानून के बावजूद मुजफ्फरपुर में रामसूरत राय के स्कूल से शराब बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में रामसूरत राय को बर्खास्त किया जाना चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि सदन में हमें दो मिनट तक नहीं बोलने दिया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार थक चुके हैं और उनसे बिहार संभल नहीं रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि दो मिनट भी विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने मंत्री को लेकर सबूत पेश किए हैं, सरकार इस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? तेजस्वी यादव ने शनिवार सुबह ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रामसूरत राय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि रामसूरत राय के स्कूल के प्राध्यापक ने ही स्कूल में शराब की सूचना पुलिस को दी थी और पुलिस ने उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया है।