Bihar: जख्मी संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही निवासी हरेंद्र राय का पुत्र सनोज कुमार उनकी शादीशुदा बहन को लगातार कॉल कर परेशान करता था। जब संतोष कुमार ने सनोज कुमार को फोन कर अपनी बहन को कॉल करने से मना किया तो उसने कॉल पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
भोजपुर जिले के गीधा ओपी अंतर्गत पुरदिलगंज गांव में शादीशुदा बहन को फोन कर परेशान करने का विरोध करना दो भाइयों को महंगा पड़ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के चार लोगों ने दोनों भाइयों की जमकर पिटाई कर दी, जिसमें एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों की मदद से दोनों जख्मियों को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
जख्मी भाइयों में पुरदिलगंज गांव के निवासी चंदेश्वर राय के 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार और 16 वर्षीय पुत्र रवीश कुमार है। इस घटना में रवीश कुमार को मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे काफी खून बह गया। जख्मी संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही निवासी हरेंद्र राय का पुत्र सनोज कुमार उनकी शादीशुदा बहन को लगातार कॉल कर परेशान करता था। जब संतोष कुमार ने सनोज कुमार को फोन कर अपनी बहन को कॉल करने से मना किया तो उसने कॉल पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद जब छोटा भाई रवीश कुमार खेत की ओर गया, तभी हरेंद्र राय, उसका पुत्र सनोज कुमार और उनके दो अन्य साथियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। भाई को बचाने पहुंचे संतोष कुमार के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन जख्मियों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए है। वहीं जख्मियों द्वारा पुलिस को आवेदन दिए जाने की बात कही जा रही है।