बिहार दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में उत्सव का माहौल है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सरकार की ओर से तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस वर्ष बिहार दिवस समारोह का थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखा गया है, जिसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर विकास प्रदर्शनी तक कई आयोजन किए जा रहे हैं। इधर, बिहार दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस की बधाई दी। उन्होंने सोशल मिडिया पर लिखा कि बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं दी। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के कर्मठ एवं ऊर्जावान लोगों का समर्पण और सामर्थ्य बहुत काम आएगा।
सीएम नीतीश कुमार ने क्या लिखा?
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहारवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में राज्य अपने दृढ़ संकल्प के साथ उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।