प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम बिहार के युवाओं से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के माध्यम से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का हिस्सा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम को बिहार के युवाओं से संवाद किया। 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने बताया कि 24 अक्तूबर को बिहार में दो और रैलियां करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व ऊर्जा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
कार्यक्रम में युवाओं से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "...ये सारी ताकत एक वोट की ताकत है। उस वोट ने ही ये स्थिति पैदा की है कि आज राम मंदिर बन गया है। ऑपरेशन सिंदूर भी चलाया गया है और देश नक्सलवाद से मुक्ति की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। तो ये है वोट की ताकत... जंगलराज हटाने के बाद आज बिहार की जनता किसी भी हालत में जंगलराज को वापस नहीं आने देना चाहती, तो ये है बिहार के जागरूक नागरिकों की ताकत।"
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे — 6 नवंबर और 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी। बीजेपी नेतृत्व वाला NDA, जिसमें जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं, सीधे मुकाबले में RJD नेतृत्व वाले महागठबंधन से भिड़ेगा। महागठबंधन में कांग्रेस, वाम दल और कुछ छोटे दल शामिल हैं। साथ ही, चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में है।