पटना में रहते हैं या आज जरूर काम से बिहार की राजधानी आ रहे हैं तो यह खबर पढ़ लें। पटना में आज भीषण ट्रैफिक जाम लगने वाला है। सप्ताह का पहला दिन है और कार्यालय समय में ही यह जाम लगने वाला है। अशोक राजपथ पर स्थित प्राइवेट स्कूल तो बंद है, बाकी के बच्चे विद्यालय निकल चुके हैं और भीषण जाम में जूझते हुए देर से घर लौटेंगे। उसके पहले, सुबह ऑफिस जाने वालों या बाहर से पटना आने वालों को राजधानी की सड़कों पर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के कारण सुबह साढ़े 9 बजे से डाकबंगला चौराहा इलाके में गाड़ियों पर प्रतिबंध के कारण पूरा शहर एक तरह से परेशान होगा। इसलिए, बेहद जरूरी हो- तभी निकलें। या, जल्दी निकल सकते हैं तो पहुंच जाएं।
गांधी मैदान से बेली रोड तक रहेगा प्रभावित
पटना में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा सुबह सवा 11 बजे से शुरू होगी, लेकिन लगभग पूरा पटना साढ़े नौ बजे से प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने सुबह साढ़े 9 बजे से डाकबंगला चौराहा इलाके में सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई है। सुबह 10 बजे राहुल गांधी एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरेंगे। वह गांधी मैदान आएंगे, इसलिए एयरपोर्ट से बेली रोड, डाक बंगला चौराहा का रास्ता प्रभावित रहेगा। इसके बाद सुबह 11 बजे के बाद यह यात्रा गांधी मैदान से एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा होते हुए बेली रोड पर हाईकोर्ट तक जाएगी। ढाई बजे तक जनसभा का कार्यक्रम है, इसलिए रूट प्रभावित रहेगा।
डाकबंगला चौराहे से बेली रोड तक बंद, कहां-कहां परेशानी
सुबह साढ़े नौ बजे से डाकबंगला चौराहे की तरफ आवाजाही बंद रहेगी। इसका मतलब है कि पटना जंक्शन की तरफ से गांधी मैदान जाना संभव नहीं होगा। एग्जीबिशन रोड या कदमकुआं की ओर जाने वाले रास्ते पर दबाव होगा। इधर, चूंकि आयकर गोलंबर से लेकर पटना हाईकोर्ट तक राहुल गांधी की यात्रा की भीड़ रहेगी और ढाई बजे तक वीमेंस कॉलेज के पास ही जनसभा होगी, इसलिए स्टेशन से बेली रोड का रास्ता भी सीधे अटल पथ होकर ही चलेगा। अटल पथ की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर दबाव रहेगा। इसके अलावा, सचिवालय का रास्ता भी जाम मिलेगा। गांधी मैदान के दूसरी तरफ अशोक राजपथ पर भी आवाजाही प्रभावित रहेगी, क्योंकि सारी गाड़ियों को गांधी मैदान का चक्कर लगाने नहीं मिलेगा। तो जाम का असर लगभग पूरे पटना में होगा।
वोट अधिकार रैली के अवसर पर गांधी मैदान, पटना एवं आस-पास का ट्रैफिक प्लान
1. गांधी मैदान के चारों तरफ टेंपू तथा ई–रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा।
2. पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर टेंपू तथा ई–रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा।
3. कुर्जी की तरफ से आनेवाले वाहन एकता भवन से डायवर्ट कर दिए जाएंगे। गांधी मैदान की ओर नहीं जाएंगे।
4. भट्टाचार्य चौराहा से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
5. रामगुलाम चौक से सभी प्रकार के वाहनों को भट्टाचार्य चौराहा की ओर मोड़ दिया जाएगा। जेपी गोलंबर की ओर नहीं जाएंगे।
6. छज्जूबाग से गांधी मैदान की ओर आनेवाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। गांधी मैदान की ओर नहीं जाएंगे। पुलिस लाइन के रास्ते गंतव्य स्थल की ओर जा सकते हैं।
7. मछुआटोली की तरफ से गांधी मैदान आने वाले वाहनों को दिनकर गोलंबर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गांधी मैदान की ओर नहीं आ सकेंगे।
8. डाकबंगला चौराहा पर वोट अधिकार रैली के आगमन के समय भट्टाचार्य चौराहा, स्वामीनंदन तिराहा महाराणा प्रताप गोलंबर, स्टेशन गोलंबर एवं कोतवाली की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। किसी भी प्रकार के वाहन को डाकबंगला चौराहा की ओर आने की अनुमति नहीं।