आरोपी पुलिसकर्मी पर जांच के आदेश दिए गए हैं
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी पटना में अवैध गेसिंग और जुए के अड्डों पर रोकथाम के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बावजूद इसके इन अवैध गतिविधियों में कोई कमी आती नजर नहीं आ रही है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन गोलंबर के पास स्थित टेंपो स्टैंड पर चल रहे अवैध गेसिंग अड्डे पर विशेष पुलिस टीम ने छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया। छापामारी में पुलिस ने गेसिंग के सरगना सहित कई अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया। साथ ही मौके से 42 हजार रुपये, एक बाइक, मोबाइल, कैलकुलेटर और रसीदें जब्त कीं।
एसएसपी को मिली लगातार शिकायतें
पटना पुलिस को लगातार गेसिंग के अड्डों की सूचना मिल रही थी। इस पर पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने जब छापामारी की, तो मौके पर एक बोर्ड दीवार पर लगा हुआ पाया, जिसमें कई तरह के नंबर लिखे हुए थे। इसके अलावा, वहां सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा थे। जैसे ही पुलिस ने छापामारी की, वहां भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि राजधानी में अवैध जुए के कारोबार में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है।
पुलिस की मिलीभगत का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध गेसिंग का यह अड्डा कोतवाली थाना के एएसआई अरविंद कुमार निराला के संरक्षण में चल रहा था। नाम न छापने की शर्त पर संचालक के पार्टनर ने बताया कि अरविंद कुमार निराला हर महीने 25,000 रुपये लिया करते थे। यह कोई नई बात नहीं थी, क्योंकि इससे पहले भी उनके खिलाफ आरोप लगे थे। एक बार उन्होंने एक युवक को छोड़ने के एवज में 50,000 रुपये की मांग की थी। इस मामले में कोतवाली डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जांच का आदेश दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विभिन्न इलाकों में चल रहे अवैध गेसिंग अड्डे
पटना में अवैध गेसिंग के अड्डे शहर के विभिन्न हिस्सों में संचालित हो रहे हैं। इन स्थानों में शामिल हैं:-
- दीघा थाना क्षेत्र
- कंकड़बाग थाना के टेम्पू स्टैंड
- पत्रकार नगर थाना क्षेत्र
- कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर पुल के नीचे
- कदमकुआं थाना के मुसल्लाहपुर हाट स्थित मछुआटोली
- राजीव नगर थाना क्षेत्र
एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए
इस कार्रवाई के बाद, पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर किसी थाना क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो थाना प्रभारी को अपने स्तर पर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर थानेदार कार्रवाई नहीं करते हैं, तो उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा।